खोराबार। सड़क हादसे में रमाकांत की मौत के बाद मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर रविवार को परिजन और ग्रामीणों ने बेलवार-सूबा बाजार मार्ग जाम कर दिया। बेलवार के पास सुबह से शुरू हुआ प्रदर्शन करीब चार घंटे तक चला।
दोपहर बाद मौके पर पहुंचे खोराबार थाना प्रभारी सुधांशु सिंह के समझाने-बुझाने पर परिजन और ग्रामीण सड़क से हटे। इसके बाद आवागमन सामान्य हुआ।
जानकारी के अनुसार, पोंछिया ब्रह्मस्थान टोला मझौना निवासी रमाकांत (36) की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो गई थी। रविवार सुबह मृतक के परिजन और ग्रामीण बेलवार के पास सड़क पर बैठ गए। मृतक की पत्नी सुधा ने परिवार को 30 लाख रुपये मुआवजा और नौकरी देने की मांग की। पुलिस और बेलवार चौकी के जवानों ने पहले समझाकर जाम खुलवाया, लेकिन कुछ देर बाद ग्रामीणों ने दोबारा सड़क जाम कर दी। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दरअसल, 28 नवंबर को रमाकांत अपने साथी सुशील के साथ बाइक से घर जा रहे थे। बेलवार चौराहे पर चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। परिजन उन्हें खोराबार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने रमाकांत को मृत घोषित कर दिया। सुशील को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने बताया कि हादसे में शामिल वाहन बरामद कर लिया गया है। परिजन की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।