गोरखधाम एक्सप्रेस से गोरखपुर आ रहे पूर्वोत्तर रेलवे से सेवानिवृत्त अधिकारी ओंकारनाथ वर्मा के 30 हजार रुपये चोरी हो गए। वह एसपी प्रथम श्रेणी के कूपे में यात्रा कर रहे थे। उन्होंने कोच अटेंडेंट पर चाेरी का संदेह जताकर मुकदमा दर्ज कराया है।
मोहद्दीपुर के श्रीरामपुरम काॅलोनी निवासी ओंकारनाथ वर्मा ने जीआरपी थाना प्रभारी को दी तहरीर में बताया कि सात अप्रैल को वह गोरखनाथ एक्सप्रेस से दिल्ली से गोरखपुर आ रहे थे। वह एससी प्रथम श्रेणी कोच में डी कूपे की सीट नंबर 12 पर बैठे थे। शनिवार रात को अपना पर्स सिर के पास रखकर सो गए। उसमें 30 हजार रुपये थे।
आठ अप्रैल की सुबह बस्ती पहुंचने पर सीट से उतरकर नीचे बैठ गए। ट्रेन के खलीलाबाद पहुंचने पर कोच अटेंडेंट अजीत श्रीवास्तव कूपे में पहुंचा। चादर, तकिया व कंबल के साथ ही उनका पर्स भी लेकर चला गया। पर्स नहीं मिलने पर अजीत से पूछा तो उसने जानकारी होने से इनकार कर दिया। थाना जीआरपी प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।