लखनऊ में महराजगंज शहर के वीरबहादुर नगर की रहने वाली महिला की ओर से आत्मदाह की कोशिश करने के मामले की तहकीकात शुरू होने से कुछ लोगों की बेचैनियां बढ़ गई हैं। पुलिस के मुताबिक, महिला के संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। मंगलवार की रात लखनऊ के एक सीओ ने शहर के कुछ लोगों से पूछताछ की।
घटना लखनऊ में हुई, इस वजह से जिले की पुलिस जांच अधिकारियों के सहयोग में जुटी है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेसियों ने सत्ताधारी दल के एक विधायक पर साजिश रचने का आरोप लगाकर मामले को दूसरा तूल दे दिया है।
वैसे पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की बारीकी से छानबीन कर रही है। खुफिया इनपुट मिलने के बाद से महिला थाने की प्रभारी पहले ही लखनऊ पहुंच चुकी थीं। वह जब तक महिला की पहचान करती, तब तक घटना हो गई थी।