गोरखपुर। राप्तीनगर फेज-तीन और फेज-चार क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने से करीब दो हजार घरों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार रात 10 बजे से 12:30 बजे तक क्षेत्र में बिजली का बार-बार आना-जाना लगा रहा। वहीं फाल्ट के कारण फेज-तीन फीडर करीब डेढ़ घंटे तक बंद रहा।
इसके अलावा बुधवार शाम करीब 6:30 बजे राप्तीनगर फेज-चार फीडर में फाल्ट होने से पूरे फीडर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे क्षेत्र के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली बाधित होने से लोगों के घरेलू कार्य प्रभावित हुए और उमस भरी गर्मी में परेशानी बढ़ गई।
राप्तीनगर के एसडीओ राघवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि मंगलवार रात आई आंधी के दौरान पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। वहीं बुधवार शाम राप्तीनगर फेज-चार फीडर में फाल्ट आने से कुछ समय के लिए आपूर्ति बाधित रही। उन्होंने बताया कि विभागीय कर्मचारियों ने तत्काल मरम्मत कार्य कर फाल्ट दूर कर दिया और आपूर्ति बहाल कर दी गई।