गोरखपुर में नदियों के तटबंधों को बाढ़ से बचाने के लिए 16 अति संवेदनशील स्थानों पर 56.52 करोड़ की लागत से कार्य कराए जा रहे हैं। इसे 15 जून से पहले पूरा करा लेने का निर्देश शासन स्तर से दिया गया है। लेकिन, अब तक कोई भी कार्य पूरा नहीं हो सका है। विभाग का दावा है कि काम समय से करा लेंगे।
राप्ती नदी के बाएं तट पर स्थित मलौली बांध पर लांचिंग, एप्रन, की पुनर्स्थापना। इस पर 514 लाख खर्च होंगे। गोर्रा नदी के बाएं तट पर बरही पाथ बांध पर मटियरा गांव के पास 379.34 लाख से कटान निरोधक उपाय। राप्ती नदी पर बिगहा रिंग तटबंध विनहा गांव के पास 327.83 लाख की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य। गोर्रा नदी के बरही पाथ बांध पर बरगदवां गांव के पास बने तटबंध की सुरक्षा के लिए 76.33 लाख की लागत से कार्य। राप्ती नदी पर बरही गांव के पास 704.02 लाख की लागत से कटान निरोधक कार्य कराए जा रहे हैं।
गोर्रा नदी पर इटौवा के पास रिसाव के रोकथाम के लिए फिल्टर निर्माण का कार्य 84.41 लाख की लागत से कराया जा रहा है। राप्ती नदी के तट पर बरही पाथ के तटबंध पर रिसाव के रोकथाम के लिए फिल्टर निर्माण कार्य 423.22 लाख से कराया जा रहा है। राप्ती नदी के छितहरी थुन्हीं बांध पर ग्राम गोपालपुर के पास बाढ़ सुरक्षा कार्य 977.74 लाख से हो रहा है। छितहरी थुन्हीं बाध पर फिल्टर निर्माण का कार्य 131.95 लाख की लागत से कराया जा रहा है।