गृह, जल और सीवर टैक्स का भुगतान अब और आसान हो गया है। कोई भी व्यक्ति घर से ही क्यूआर कोड, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, यूपीआई या चेक के माध्यम से भुगतान कर सकेगा। भुगतान के कुछ ही देर में संबंधित के पंजीकृत मोबाइल पर डिजिटल रसीद आ जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने सभी टैक्स निरीक्षकों को टैक्स कलेक्शन मशीन मुहैया करा दिया है, जिसमें डिजिटल भुगतान की सभी सुविधा रहेगी। नगर निगम के टैक्स इंस्पेक्टर अब तक मैनुअल पर्ची काटकर पेमेंट लेते थे। जिसे लेकर नागरिकों में संशय की स्थिति बनी रहती थी।
कई बार लोगों ने चेक से भुगतान किया लेकिन उनका गृहकर अदा ही नहीं हुआ। इन्हीं परेशानियों को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने नई व्यवस्था शुरू की है। अब नागरिक जैसे ही टैक्स का भुगतान करेंगे उनके पंजीकृत मोबाइल पर एक लिंक आ जाएगा। इसमें भुगतान से लेकर बकाए की स्थिति की जानकारी होगी।
नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने कहा कि आमजन की सुविधा के लिए सभी राजस्व निरीक्षक और कर निरीक्षकों को टैक्स कलेक्शन मशीनें मुहैया करा दी गई हैं। टैक्स कलेक्शन मशीनों पर लोग डिजिटल माध्यम से अपने कर का भुगतान कर सकेंगे। राजस्व निरीक्षक व कर निरीक्षक अब मैनुअल रसीद नहीं काटेंगे।