बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने के लिए अब पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा। कॉलेज परिसर रेड जोन घोषित होने के बाद भी यहां सामान्य रोगों के उपचार के लिए औसतन 200 मरीज रोजाना पहुंच रहे हैं। इसपर नियंत्रण के लिए ही यह फैसला लिया गया है। शासन से इस संबंध में कोई नया निर्देश मिलने तक यह व्यवस्था जारी रहेगी।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कोरोना संक्रमित व्यक्तियों का इलाज किया जा रहा है। ऐसे में यहां आने पर संक्रमण की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। बावजूद इसके बीआरडी में हर रोज आंख, नाक, कान, गला सहित, मानसिक विभाग के रोगी भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। इसकी वजह से मेडिकल कॉलेज को परेशान होना पड़ रहा है।
बीआरडी प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि मौजूदा समय में मरीजों के साथ तीमारदार भी आ रहे हैं। ऐसे में कॉलेज में भीड़ बढ़ती जा रही है। जबकि, कॉलेज कैंपस रेड जोन घोषित किया जा चुका है। ऐसे में अब इलाज के लिए आने से पहले रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए चार नंबर भी जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर मरीज अपना रजिस्ट्रेशन कराकर इलाज के लिए आ सकते हैं।
इमरजेंसी में इलाज की सुविधा है उपलब्ध
डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि इमरजेंसी में मरीजों का इलाज किया जा रहा है। इमरजेंसी ओपीडी में केवल फ्लू कॉर्नर की ओपीडी, हड्डी रोग और सर्जरी की जा रही है। इसके अलावा नाक, आंख, कान, गला सहित मानसिक और अन्य विभाग बंद हैं। शासन के नए निर्देश के बाद ही अन्य विभागों की ओपीडी शुरू की जाएगी।
इन नंबरों पर फोन कर कराएं रजिस्ट्रेशन
डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि मरीजों की सुविधा के लिए चार नंबर जारी किए गए हैं। इनमें 9451086522, 9451091944, 9451080844 और 9451081488 पर फोन कर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। इसके अलावा रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके अलावा पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज भेजने के लिए 9451071865 पर व्हाट्सएप कर सकते हैं।