गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों के विद्यार्थी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) व साइबर सुरक्षा की बारीकियां जान सकेंगे। इसके लिए ''''''''एआई फॉर ऑल'''''''' विषय पर कार्यशाला का आयोजन 15 अप्रैल से किया जा रहा है।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के संयुक्त सहयोग से आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला के लिए पंजीकरण प्रक्रिया दो अप्रैल से शुरू हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी नौ अप्रैल तक पंजीकरण कर सकेंगे।
इसके तहत कुल 21 घंटे का प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा, जिसे 60 दिनों की अवधि में पूरा किया जा सकेगा। विद्यार्थियों को एआई की मूलभूत अवधारणाओं, उसके व्यावहारिक उपयोग, डेटा प्रोसेसिंग, मशीन लर्निंग के प्रारंभिक सिद्धांतों व साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। इसकी विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध है।
इस संबंध में कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि एआई और साइबर सुरक्षा वर्तमान समय की अत्यंत महत्वपूर्ण और तेजी से विकसित हो रही तकनीक हैं। विद्यार्थियों से अपील है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने ज्ञान व कौशल का विस्तार करें।