खेलाें को बढ़ावा देने के लिए रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए पिछले वर्ष बने डीपीआर को रद्द कर दिया गया है। शासन की ओर से राजकीय निर्माण निगम को अब नया डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए पिछले वर्ष खेल निदेशालय के निर्देश पर एक टीम आई थी। टीम ने पूरे परिसर की मैपिंग कर उसकी डिजाइन तैयार की थी। उसी के आधार पर पिछले वर्ष दिसंबर में ही स्टेडियम का डीपीआर बनाया गया था। तब लागत 49 करोड़ रुपये आ रही थी। उस वक्त उत्तरी छोर पर स्थित हॉल और पूर्वी-दक्षिणी छोर पर स्थित छात्रावास को छोड़कर पूरे परिसर को नए सिरे से बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। आरएसओ कार्यालय भी बनाए जाने की योजना थी, लेकिन यह योजना परवान नहीं चढ़ पा रही थी।
इस बीच चार दिसंबर को राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आए खेल सचिव सुहास एलवाई ने दूसरी योजना पर कार्य करने के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि नए डीपीआर में लागत घटेगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों के लिए जो चीजें जरूरी हैं, पहले उन्हें विकसित किया जाए। समय के अनुसार उपकरणों को अपग्रेड किया जाए।