हथिया नक्षत्र में बीते तीन दिनों से हो रही झमाझम बारिश ने शनिवार को जिले में पिछले 95 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बीते 24 घंटे में 168.1 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है। सितंबर में इससे पहले वर्ष 1930 में एक दिन में 175 मिमी बारिश हुई थी, जो अब तक का रिकॉर्ड है।
लगातार इतनी ज्यादा बारिश होने से जल निकासी के सारे इंतजाम फेल हो गए। शहर की प्रमुख सड़कों और गलियों में लबालब पानी भर गया। लेकिन नालों की सफाई होने और जगह-जगह पंपसेट और जलनिकासी के लिए हुए इंतजाम बारिश के बंद होते ही सभी प्रमुख सड़कों से बारिश का पानी हट गया।
लगातार हो रही बारिश से दिन का तापमान लुढ़क कर सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस नीचे 24.9 डिग्री सेल्सियस आ गया है, जो पिछले 35 वर्षों में सबसे कम है। इसलिए पंखे की तेज हवा से भी ठंड लग रही है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक गुजरात से लेकर उत्तर पश्चिम बिहार से होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक एक ट्रफ लाइन गुजर रही है।
इसके अलावा दक्षिण पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18000 फीट की ऊंचाई पर चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है। यह दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश की तरफ शिफ्ट हो रहा है। इन दोनों का असर पूर्वी यूपी पर बना हुआ है। इसके चलते निम्न वायु दाब बना हुआ है और बारिश हो रही है। बृहस्पतिवार की शाम तक 7.8 मिली मीटर बारिश हुई थी।