दिग्विजयनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दिग्विजयनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह के आखिरी दिन दौड़, ऊंची कूद, रिले रेस, हैमर थ्रो, डिस्कस थ्रो आदि खेलों का आयोजन किया गया। ओवरऑल चैंपियन रौनक यादव एवं शशि यादव रहे।
10 हजार मीटर दौड़ बालक वर्ग में शिव कुमार निषाद और बालिका वर्ग में रौनक यादव प्रथम रहीं। रिले रेस 4×400 में श्याम नंदन यादव की टीम विजयी रही। डिस्कस थ्रो बालक में उदयभान और बालिका में क्षमा प्रथम रहीं। हैमर थ्रो में रघुवीर, ऊंची कूद में अजय चौधरी पहले स्थान पर रहे। ऊंची कूद बालिका वर्ग में चांदनी सिंह प्रथम रहीं।
5000 मीटर दौड़ बालक वर्ग में शिव कुमार निषाद और बालिका वर्ग में रौनक यादव प्रथम रहीं। जैवलिन थ्रो बालक वर्ग में हर्षित पांडेय और बालिका वर्ग में क्षमा सिंह ने बाजी मारी। मुख्य अतिथि बीआरडीपीजी कॉलेज देवरिया के प्राचार्य प्रो. शरद चंद्र मिश्र ने कहा कि कार्य के प्रति लगन व समर्पण व्यक्ति को लक्ष्य तक ले जाता है।
प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि खेलो इंडिया के माध्यम से सरकार ग्रामीण अंचल के खिलाड़ियों को खेल के लिए प्रोत्साहित कर रही है। संचालन क्रीड़ा सचिव अवधेश शुक्ल और आभार ज्ञापन क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. परीक्षित सिंह ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय में सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।