सीसी नाला व सर्विस लेन ऊंची होने से मिलेगी राहत
तारामंडल रोड पर पंचमुखी हनुमान मंदिर से बुद्ध विहार पार्टी सी तक सीसी नाला और सर्विस लेन का काम इसी महीने पूरा होने की उम्मीद है। यह नाला सीसी बन रहा है। साथ ही सर्विस लेन को आठ इंच ऊंचा किया जा रहा है। तारामंडल विद्युत उपकेंद्र के सामने तक सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। बारिश के दौरान इस क्षेत्र से जुड़े आजाद नगर, रुस्तमपुर, सिद्धार्थनगर कॉलोनी, सिद्धार्थ इन्क्लेव सहित तमाम इलाकों में जलभराव की जबरदस्त समस्या रहती है। नाला और सर्विस लेन की ऊंचाई के सहारे क्षेत्र की बड़ी आबादी को जलभराव से राहत दिलाने की तैयारी है।
क्षतिग्रस्त सड़कें भी ठीक होंगी, 10 जून तक पूरा होगा काम
जीडीए ने तारामंडल स्थित अपनी सभी कॉलोनियों की क्षतिग्रस्त सड़कों की जगह नई सड़क बनाने के साथ ही सीसी नाले का भी निर्माण करा रहा है। ये कार्य 10 जून तक पूरा हो जाएगा। नया सवेरा के सामने बौद्ध संग्रहालय वाली सड़क की जगह नई सीसी रोड का निर्माण कराया गया। इसे सीसी भी बनाने के साथ, इसकी ऊंचाई बढ़ाई गई है।
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि बौद्ध संग्रहालय से रामगढ़ताल तक करीब चार करोड़ की लागत से बन रहे सीसी नाले का निर्माण कार्य 30 मई तक पूरा हो जाएगा। बुधवार को जीडीए अधिकारियों ने नाला निर्माण का निरीक्षण किया है। इस नाले को ऊपर से कवर किया जाएगा।