राम मंदिर निर्माण के लिए ट्रस्ट की घोषणा का शहरवासियों ने स्वागत किया है। सांसद रवि किशन ने खुशी जताई और कहा कि ब्रह्मलीन महंत अवेद्याथ का सपना पूरा हो गया है। अब अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा।
विज्ञापन
श्रीराम जन्म भूमि मंदिर निर्माण ट्रस्ट का गठन सराहनीय है। समस्त संत समाज केंद्र सरकार और सर्वोच्च न्यायालय की तरफ से साधुवाद देते हैं। यह निर्णय एक लंबे संघर्ष, हजारों बलिदानों का परिणाम है। यह राम मंदिर ही नहीं एक विचार की लड़ाई थी। श्रीराम लला पुन: अपने स्थल पर एक नये रूप में भव्यता, दिव्यता के साथ अवतरित होंगे। इससे नए और स्वर्णिम भारत का सृजन होगा।
- स्वामी यतींद्र आनंद गिरी, महामंडलेश्वर, जूना अखाड़ा
राम मंदिर से सबकी श्रद्धा जुड़ी
राम मंदिर से सबकी श्रद्धा जुड़ी है। राम मंदिर बने, ऐसी इच्छा सबकी थी। अब ट्रस्ट का गठन हो गया है। जल्द ही राम मंदिर का निर्माण होगा। अयोध्या का तेजी से विकास होगा। देश, दुनिया के पर्यटक आएंगे। इसका लाभ यूपी को मिलेगा। - आराधना शाही, निदेशक आरपीएम ग्रुप ऑफ स्कूल्स
आस्था की जीत
दुनिया के सबसे बड़े विवाद का अंत हुआ। अब मंदिर निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त हो गया। इसका स्वागत सबको करना चाहिए। भगवान श्रीराम में सबकी आस्था है। आस्था की जीत हुई है। - प्रज्ञा मिश्रा, प्रधानाचार्य एबीसी पब्लिक स्कूल
सुनकर बहुत खुशी हुई
ट्रस्ट बनाने से मंदिर का जल्द निर्माण हो सकेगा। यह सरकार का सराहनीय काम है। इसका लंबे समय से इंतजार है, आज यह सुनकर बहुत खुशी हो रही है। - वीना बंका, गृहिणी
ट्रस्ट बनना सराहनीय
कोर्ट के फैसले के बाद अब सरकार द्वारा ट्रस्ट बनाए जाने का ही इंतजार था। वह इंतजार पूरा हुआ है। अब ट्रस्ट को भी तेजी से काम करके राम मंदिर का निर्माण कराना चाहिए। - सपना सिंह, गृहणी
लंबे समय से विवाद का अंत हुआ
कोर्ट के फैसला से लंबे समय से विवाद का अंत हो गया था। अब सरकार ने ट्रस्ट बनाकर पूरी तरह से लोगों को खुशी दे दी है। मंदिर जल्द बने इसका सबको इंतजार रवि सिंह, शिक्षक
पीएम, सीएम का आभार
श्रीराम जन्म भूमि ट्रस्ट की घोषणा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार। अब अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा। इसका मार्ग प्रशस्त हो गया है। राम मंदिर निर्माण का सपना देश, दुनिया के करोड़ों हिंदुओं ने देखा। उनकी आस्था और विश्वास पर भाजपा सरकार खरी उतरी है। हिंदू समाज प्रधानमंत्री के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ह्दय से आभार प्रकट करता है। डॉ. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा
हिंदू समाज में खुशी की लहर
हिंदू समाज में खुशी की लहर है। सैकड़ों वर्षों से हिंदू अपनी हक की लड़ाई लड़ रहा था। जिनकी अगुवाई में इसे आगे बढ़ाया गया, उन ज्ञात और अज्ञात महापुरुषों को बधाई देते हैं। राम मंदिर आंदोलन से जुड़े लोगों को ट्रस्ट में जगह देना सुखद है। इसके लिए सरकार का आभार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को बधाई प्रदीप पांडेय, प्रदेश महामंत्री विहिप
मंदिर के पत्थर पहले ही तराशे जा चुके
हिंदू समाज उत्साहित है। अब मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया। मंदिर के पत्थर पहले से तराशे जा चुके हैं। ट्रस्ट जल्द ही मंदिर निर्माण का कार्य शुरू करा देगा। विहिप ने लंबी लड़ाई है। अब उसका फल मिला है। केंद्र सरकार को बधाई दी जानी चाहिए। दुर्गेश त्रिपाठी, सह संयोजक बजरंग
मस्जिद के लिए भी जगह दी गई, जल्द होना चाहिए मंदिर निर्माण
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुरूप श्रीराम मंदिर निर्माण ट्रस्ट की घोषणा कर दी गई है। इसका लंबे अरसे से इंतजार किया जा रहा था। मस्जिद के लिए भी जगह दी गई है। अब जल्द से जल्द वहां भव्य मंदिर का निर्माण होना चाहिए। अरुण अग्रहरि, कांग्रेस निवर्तमान महानगर अध्यक्ष
मस्जिद की जमीन पर फंस सकता है पेंच
मंदिर ट्रस्ट बन गया है देश में भाईचारा और मोहब्बत बनी रहे यह जरूरी भी है। इंसानियत अगर पनपेगी तो मुल्क हमेशा पनपेगा। मुल्क हमेशा इंसाफ पर ही चलता है तभी तरक्की करता है। मस्जिद निर्माण के लिए जमीन सुन्नी वक्फ बोर्ड को दी गई है। इसमें तकनीकी पेंच फंसेगा। कानूनी रूप से सुन्नी वक्फ बोर्ड सिर्फ वक्फ की संपत्ति का ही मालिक होता है। जो जमीन दी गई है वह वक्फ की नहीं है। मुफ्ती वली उल्लाह, शहर काजी गोरखपुर