81 किलोमीटर की इस लाइन को बिछाने में 10 बड़े और 47 छोटे पुल बनाए जाएंगे। इनमें सरयू नदी पर सबसे बड़ा पुल शामिल है, जो दोहरीघाट और बड़हलगंज के बीच होगा। इसके लिए रेलवे प्रशासन ने टेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगस्त के पहले सप्ताह में इसे जारी करने की तैयारी है।
तीन चरणों में बिछेगी लाइन, सहजनवां स्टेशन बनेगा जंक्शन
81 किलोमीटर के रेल लाइन प्रोजेक्ट को कुल तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में सहजनवां से बांसगांव के बीच रेल लाइन बिछाई जाएगी। जबकि दूसरे चरण में बांसगांव से बड़हलगंज और तीसरे चरण में बड़हलगंज से न्यू दोहरीघाट के बीच रेल लाइन बिछेगी। इसमें सहजनवां को जंक्शन बनाया जाएगा।
इसे भी पढ़ें: गोरखनाथ मंदिर गेट पर कार के डैश बोर्ड से कारतूस बरामद, पांच हिरासत में
इस प्रोजेक्ट के तहत कुल 12 स्टेशन बनाए जाएंगे। इसमें सहजनवां, पिपरौली, खजनी, उनवल, बैदौली, बांसगांव, उरुवा, बनवारपार, गोला बाजार, भरौली, बड़हलगंज, न्यू दोहरीघाट शामिल हैं।
सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सहजनवां-दोहरीघाट रेल लाइन को विशेष प्रोजेक्ट के तहत शामिल किया गया है। इस वित्तीय वर्ष के लिए 300 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जमीन अधिग्रहण के लिए प्रशासन को 122 करोड़ रुपये भेज दिए गए हैं। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रशासन ने अपने स्तर से शुरू कर दी है। इसके लिए अधिकारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं। साथ ही पुलों के निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर जारी किया जाएगा।