गोरखपुर शहर की बैडमिंटन सनसनी आदित्या यादव ने ब्राजील में आयोजित छठें वर्ल्ड डेफ बैडमिंटन चैंपियनशिप के सीनियर वर्ग के एकल और युगल मैच में अपने प्रतिद्वंदी खिलाड़ियों को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसके साथ ही आदित्या की चांदी पक्की हो गई है। मंगलवार को एकल और युगल मैच का फाइनल मैच खेलेंगी।
सेमीफाइनल के एकल मैच में आदित्या ने ऑस्ट्रिया की टॉप सीड खिलाड़ी कटरीन नेउडाल्ट को 21-16, 21-14 से हराकर कर फाइनल में प्रवेश किया। महिला युगल में आदित्य ने अपनी जोड़ीदार खिलाड़ी जरलीन के साथ मिलकर चीनी ताइपे (ताइवान) के खिलाड़ियों को 15-21, 21-10, 21-11 से हराया। आदित्या मामूली अंतर की हार से मिश्रित युगल मैच में फाइनल में नहीं पहुंच सकीं। शहर के मंकेश्वरनाथ पांडेय, राजीत श्रीवास्तव, रेमी चंद्रा, संजीव प्रधान, राजेश कुमार, पंकज कुमार, आले हैदर आदि ने बधाई और शुभकामनाएं दी है।