ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय के दुर्व्यवस्था एवं नई पेंशन योजना का विरोध एवं पुरानी पेंशन
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ ने ललित नारायण मिश्र केंद्रीय रेलवे चिकित्सालय की दुर्व्यवस्था के विरोध में शनिवार को सभा की। इस दौरान नई पेंशन स्कीम का विरोध करते हुए 10 अगस्त को दिल्ली में होने वाले आंदोलन के लिए कर्मचारियों को जागरूक किया गया।
सभा में संगठन के महामंत्री विनोद राय ने कहा कि रेलवे अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाॅफ की कमी है। रेलवे अस्पताल का बेहतर स्थिति में होना सभी कर्मचारियों के लिए आवश्यक है। गंभीर मरीजों को मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में रेफर करने में आनाकानी की जाती है। यूनियन हस्तक्षेप कर मरीजों का इलाज कराता है। मेहनत से काम करने वाले रेल कर्मियों को प्रमोशन भी नहीं मिल पा रहा।
उन्होंने कहा कि आगामी 10 अगस्त को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में नई पेंशन योजना के विरोध एवं पुरानी पेंशन योजना लागू कराने के लिए आयोजित रैली में अधिक से अधिक कर्मचारी शामिल होंगे।
सभा को संयुक्त मंत्री एवं प्रवक्ता एके सिंह, सहायक मंत्री देवेंद्र प्रताप यादव, कौशल कुमार सिंह, युवा अध्यक्ष देवेश सिंह, डिविजनल सेक्रेटरी कारखाना मंडल दीपक चौधरी ने भी संबोधित किया।