अमर उजाला ब्यूरो
गुलरिहा। रेलकर्मी ने भटहट चौकी प्रभारी पर पूछताछ के लिए बुलाकर पिटाई करने का आरोप लगाया है। डीजीपी के साथ ही जिले के पुुलिस अधिकारियों को पत्र लिख कार्रवाई करने की मांग की है। एसएसपी ने सीओ गोरखनाथ को मामले की जांच सौंपी है।
गुलरिहा के करमहा खुर्द गांव में रहने वाले विनय विश्वकर्मा रेलवे के लखनऊ डिवीजन में तैनात हैं। प्रार्थना पत्र में उन्होंने लिखा है कि छोटे भाई की शादी उनकी साली से हुई है। दोनों का संबंध खराब है। साली ने छोटे भाई व परिवार के अन्य लोगों पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है। इस केस में उनका नाम नहीं है। 13 जुलाई को भटहट चौकी प्रभारी ने फोन कर चौकी पर आने को कहा। मैंने लखनऊ में होने की जानकारी देते हुए दो दिन में आने को कहा। 16 जुलाई को वह भटहट चौकी पर पहुंचा तो वहां पिता, छोटे भाई और मामा मौजूद थे। उनके सामने ही चौकी प्रभारी ने गाली देने के साथ ही पिटाई कर दी। अधिकारियों को जानकारी देने के लिए फोन निकाला तो प्रभारी ने छीन लिया। सीओ गोरखनाथ योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया गया है।