एक जून से गोरखपुर जंक्शन से चलने वाली पांचों स्पेशल ट्रेनों को लेकर रेल प्रशासन ने खाका तैयार कर लिया है। सभी ट्रेनें प्लेटफॉर्म दो से चलेंगी। इनके यात्रियों को गेट नंबर एक और दो (एसी लाउंज की ओर) से प्रवेश करना होगा। यात्री प्लेटफॉर्म से बाहर गेट नंबर चार व पांच से जाएंगे। विभिन्न प्रांतों से आ रही स्पेशल ट्रेनें अब प्लेटफार्म एक व नौ पर आएंगी, इन्हें प्लेटफॉर्म दो पर नहीं लाया जाएगा।
ट्रेनों के संचलन को लेकर रेलवे अधिकारियों ने शुक्रवार को पूरे दिन मंथन किया। स्टेशन का भौतिक निरीक्षण भी किया। इसके बाद प्लेटफार्म तय किया गया। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जब ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के दौरान सेकेंड एंट्री (उत्तरी छोर) व कैब-वे से आवाजाही बंद रहेगी।
स्टेशन पर आने और जाने का रास्ता अलग-अगल किया गया है। सभी को सोशल डिस्टेसिंग का पालन करना होगा। इसके अलावा एयरपोर्ट की तर्ज पर टिकट की चेकिंग ट्रेन पर सवार होने से पहले ही कर ली जाएगी। ऐसे में कंफर्म टिकट वाले ही यात्रा कर सकेंगे।
गोरखपुर से ये ट्रेनें चलेंगी
गोरखधाम एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस, एलटीटी सुपरफास्ट, अवध एक्सप्रेस व गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेेस।
कल सुबह से तीन महीने का टिकट बुक होगा
रेलवे ने अग्रिम टिकट बुकिंग की अवधि बढ़ा दी है। अब यात्री 31 मई सुबह आठ बजे से तीन माह यानी 120 दिन का अग्रिम टिकट बुक करा सकेंगे।
तीन, चार व पांच से जाएंगी बिहार वाली ट्रेनें
बिहार से गोरखपुर होकर दिल्ली, मुंबई व अन्य प्रांतों में जाने वाली ट्रेनें प्लेटफॉर्म तीन, चार व पांच से जाएंगी। इन ट्रेनों से आने वाले यात्रियों को प्लेटफॉर्म से बाहर निकलने के लिए गेट नंबर चार व पांच से जाना होगा।
थर्मल स्क्रीनिंग के लिए लगेंगे चार काउंटर
रेलवे स्टेशन पर आने वाले सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जाएगी, इसके बाद ही प्लेटफॉर्म पर जाने की अनुमति होगी। इसके लिए चार काउंटर बनाए जाएंगे। तीन काउंटर वीआईपी लाउंज की तरफ जबकि एक काउंटर फर्स्ट क्लास गेट पर बनेगा।
आज तय होगा आने वाली ट्रेनों का प्लेटफॉर्म
गोरखपुर आने वाली ट्रेनों के प्लेटफॉर्म का शेड्यूल शनिवार को तय हो जाएगा। वैसे, अधिकारियों ने प्लेटफॉर्म तीन, चार, पांच व छह को चिन्हित किया है। कौन सी ट्रेन को किस प्लेटफॉर्म पर लाया जाएगा, इसका चार्ट बनाया जा रहा है।