गोरखपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च से गोरखपुर और खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर पांच रुपये में सेनेटरी पैड मिलने लगेगा। दोनों स्टेशनों पर सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें लगा दी गईं हैं।
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर तीन मशीनें लगाई गई हैं। ये मशीनें एसी वेटिंग रूम और महिला वेटिंग रूम के शौचालयों में स्थापित की जाएंगी, जिससे महिला यात्रियों एवं कर्मचारियों को आवश्यकता के समय आसानी से सेनेटरी पैड उपलब्ध हो सके। वहीं, खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर महिला वेटिंग रूम में एक मशीन स्थापित की गई है। इन मशीनों में पांच रुपये का सिक्का डालकर तुरंत सेनेटरी पैड प्राप्त किया जा सकेगा, जिससे महिला यात्रियों आकस्मिक आवश्यकता के समय महत्वपूर्ण सुविधा मिलेगी।
स्टेशन निदेशक, गोरखपुर रतन दीप गुप्ता ने बताया कि कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत मशीनें लगाई गई हैं। यह पहल महिलाओं की स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।