-सड़क सुरक्षा माह का हुआ शुभारंभ, एक माह तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। प्रदेश सरकार के निर्देश पर एक से 31 जनवरी तक मनाए जाने वाले सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट परिसर (पर्यटन भवन) से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक गोरखपुर ग्रामीण विपिन सिंह व विधायक पिपराइच महेंद्रपाल सिंह ने किया।
मुख्य अतिथि की ओर से सड़क सुरक्षा प्रचार वाहन को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वाहन सड़क सुरक्षा माह के दौरान जनपद के प्रमुख मार्गों, छह क्रिटिकल कॉरिडोर एवं दस ब्लैक स्पॉट पर पहुंचकर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेगा। विधायकों व अधिकारियों ने आम नागरिकों से हेलमेट, सीट बेल्ट के नियमित प्रयोग, गति नियंत्रण व यातायात नियमों के पालन की अपील की।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षित ड्राइविंग संस्कृति को बढ़ावा देकर सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम स्तर पर लाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, अपर जिलाधिकारी (नगर) अंजनी कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात राजकुमार पांडेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश झा सहित परिवहन, यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।