गोरखपुर। सांसद रवि किशन, उद्योगपति चंद्र प्रकाश अग्रवाल व सर्राफा कारोबारी अतुल सर्राफ दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) प्रोफेसर बन गए हैं। मंगलवार को कार्य परिषद की बैठक में चयन का लिफाफा खुलने के बाद को डीडीयू में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस नियुक्त करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
गोरखपुर सदर सांसद रवि किशन शुक्ल को ललित कला एवं संगीत विभाग में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस नियुक्त किया गया है। वाणिज्य विभाग में उद्योगपति चंद्र प्रकाश अग्रवाल और अतुल सर्राफ को भी प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस बनाया गया। यह नियुक्ति पूरी तरह मानद आधार पर की गई है। विश्वविद्यालय की ओर से किसी प्रकार का वेतन, मानदेय या यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा। इनका योगदान केवल विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यावहारिक विकास के उद्देश्य से होगा।
कुलपति प्रो पूनम टंडन ने कहा कि प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस के रूप में जुड़े विशेषज्ञों के लंबे व्यावहारिक अनुभव से विद्यार्थियों को उद्योग, व्यापार, कला और समाज से जुड़े विषयों की वास्तविक समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा। नई शिक्षा नीति-2020 में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस की व्यवस्था का उद्देश्य शिक्षण में व्यावहारिक अनुभव को शामिल करना है।