गगहा (गोरखपुर)। गगहा थाना क्षेत्र के गगहा-गजपुर मार्ग स्थित सिलनी पुलिया पर मंगलवार रात एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में अकेली खड़ी मिली। देर रात पुलिया पर युवती को खड़ा देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही गजपुर चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। युवती की सुरक्षा को देखते हुए चौकी प्रभारी ने गगहा थाने से महिला पुलिसकर्मियों को बुलाया। महिला सिपाहियों ने युवती से बातचीत कर उसकी स्थिति समझने की कोशिश की और काफी देर तक समझाने के बाद उसे सुरक्षित थाने लेकर आईं। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि किसी बात से नाराज होकर युवती रात में घर से निकल आई थी। पुलिस ने तत्काल युवती के परिवार को सूचना दी। थाने पहुंचे परिजनों को आवश्यक समझाइश देने के बाद पुलिस ने युवती को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। राहगीरों की सजगता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित घटना टल गई।