गोरखपुर। पूर्वाेत्तर रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर में तकनीशियन ग्रेड थर्ड के लिए आयोजित लिमिटेड डिपार्टमेंटल कंपेटेटिव एग्जामिनेशन (एलडीसीई) में भारी गड़बड़ी थी। परीक्षा में सभी 100 सवालों के सही उत्तर सिर्फ ''ए'' विकल्प में दिए गए थे, जबकि तीन अन्य विकल्पों में एक भी जवाब सही नहीं था। निरस्त की गई इस परीक्षा को अब जून में कराने की तैयारी है।
तकनीशियन ग्रेड थर्ड/ कारपेंटर की छह पदों के एलडीसीई की लिखित परीक्षा कराई गई थी। पेपर पाने के बाद अभ्यर्थियों ने गड़बड़ी का मुद्दा उठाया था। इसके बाद एनई रेलवे मजदूर यूनियन ने इसे अधिकारियों के सामने रखकर जांच कराने की मांग की। जांच के बाद गड़बड़ी सही पाई गई और उप मुख्य इंजीनियर ने परीक्षा निरस्तीकरण का दिशा-निर्देश जारी कर दिया है।
एनई रेलवे मजदूर यूनियन (नरमू) के संयुक्त महामंत्री ओंकार सिंह ने बताया कि पेपर में गड़बड़ी सामने आने पर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया था, ताकि परीक्षा में पारदर्शिता बनी रहे। परीक्षा निरस्त कर दी गई है और जून में होने की उम्मीद है। परीक्षा को लेकर कुछ लोग कोर्ट चले गए थे, इसलिए इसमें विलंब हो रहा था।