गोरखपुर। त्योहार के दौरान जिले में 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं का लोकार्पण कराने की तैयारी है। इसे देखते हुए डीएम दीपक मीणा ने अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। विकास भवन सभागार में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने विरासत गलियारा, हार्बर्ट बंधे पर निर्माणाधीन फोरलेन और गोड़धोइया नाला समेत अन्य योजनाओं की प्रगति जानी। कहा कि निर्माण में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं होगा।
डीएम ने विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं से परियोजनावार जानकारी ली। रेड श्रेणी में शामिल योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें और काम में आ रही बाधाओं का तत्काल समाधान कराएं, ताकि निर्धारित समय सीमा प्रभावित न हो।
उन्होंने निर्माणाधीन योजनाओं में तय मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा। निर्माण सामग्री और तकनीकी गुणवत्ता की नियमित जांच कराने के साथ विभागीय अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने की हिदायत दी। डीएम ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को किसी भी स्थिति में लंबित न रखा जाए। समय से परियोजनाएं पूरी होने पर आमजन को उनका लाभ मिल सकेगा।