गोरखपुर। विजयादशमी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शोभायात्रा को देखते हुए गोरखनाथ ओवरब्रिज से मानसरोवर मार्ग तक व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएंगी। नगर आयुक्त अजय जैन ने मार्ग का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को पैचवर्क, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने समेत सभी लंबित कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों के तहत सड़क पर पैचवर्क कराने के साथ नालों पर स्लैब लगाने का काम शीघ्र पूरा कराया जाएगा। मार्ग पर लगे ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित ढकने के निर्देश भी दिए गए हैं। बंद पड़े प्रकाश बिंदुओं पर लाइट लगाने के साथ अस्थायी प्रकाश व्यवस्था कर पूरे रास्ते को आकर्षक बनाने को कहा गया है।
-
ठेला-खोमचा हटेंगे, सफाई पर भी जोर
नगर आयुक्त ने मार्ग की नियमित और समुचित सफाई के लिए जोनल सेनेटरी अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव को जिम्मेदारी सौंपी। वहीं सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश अपर नगर आयुक्त द्वितीय को दिए। ठेला-खोमचा लगाकर रास्ते में बाधा पैदा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार और अतुल कुमार सिंह, मुख्य अभियंता अमित शर्मा, महाप्रबंधक जलकल, स्थानीय पार्षद, जोनल अधिकारी और संबंधित अवर अभियंता मौजूद रहे।