गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है। राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने महात्मा गांधी ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के पूर्व कुलपति प्रो. कृष्ण पाल सिंह को गोरखपुर विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष का होगा। नए कुलपति सोमवार को कार्यभार ग्रहण कर सकते हैं।
उच्च शिक्षा प्रशासन का अनुभव रखने वाले प्रो. सिंह वर्तमान में गोविंद बल्लभ पंत कृषि व प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर, उत्तराखंड में प्रोफेसर हैं।
गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन का कार्यकाल चार सितंबर को पूरा हो गया था। पांच सितंबर को उन्होंने प्रतिकुलपति प्रो. शांतनु रस्तोगी को कार्यभार सौंपकर लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। प्रो. टंडन ने शनिवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में ज्वाइन भी कर लिया।
विश्वविद्यालय के नाम में गलती
राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की ओर से जारी पत्र में महात्मा गांधी ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के पूर्व कुलपति प्रो. कृष्ण पाल सिंह को गोरखपुर विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किए जाने की जानकारी दी गई है जबकि विश्वविद्यालय का सही नाम महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली है। इसको लेकर गोरखपुर विवि के कुछ शिक्षकों ने सोशल मीडिया टिप्पणी भी की है।