गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के वरिष्ठ आचार्य एवं नियंता प्रो. गोपाल प्रसाद पोलैंड में होने वाले अंतरराष्ट्रीय राजनीति विज्ञान परिषद के क्षेत्रीय सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। व्रोकलॉ विश्वविद्यालय में 14 से 16 अक्तूबर तक आयोजित सम्मेलन में वह ‘सोशल मीडिया, राजनीतिक ध्रुवीकरण और भारत में लोकतांत्रिक लचीलापन’ विषय पर शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे।
उनके शोध में चुनावी राजनीति में फेक न्यूज और डिजिटल अभियानों की भूमिका के साथ सोशल मीडिया के लोकतांत्रिक संस्थाओं व प्रक्रियाओं पर पड़ने वाले प्रभाव का विश्लेषण किया गया है। अध्ययन में डिजिटल संचार के बढ़ते प्रभाव के बीच भारतीय लोकतंत्र के समक्ष उभर रही चुनौतियों और संस्थागत लचीलेपन के पहलुओं को भी रेखांकित किया गया है।
प्रो. गोपाल सम्मेलन के एक सत्र में डिस्कसेंट पैनल के सदस्य के रूप में भी शामिल होंगे। इस दौरान वह प्रस्तुत किए जाने वाले शोधपत्रों पर अकादमिक टिप्पणी करने के साथ आलोचनात्मक विमर्श में हिस्सा लेंगे।