- किडनी-लिवर की बीमारी से था पीड़ित, दौरा पड़ने पर अस्पताल कराया गया था भर्ती
पादरी बाजार। शाहपुर स्थित जिला कारागार में बंद 30 वर्षीय विचाराधीन कैदी समीर शेख की शुक्रवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। वह पीपीगंज के जसवल बाजार का रहने वाला था। मामले में प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।
समीर को 19 अगस्त को घरेलू हिंसा अधिनियम के मामले में पीपीगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा था। जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पांडेय के अनुसार, वह पहले से ही क्रॉनिक अल्कोहलिक था और किडनी व लिवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित था। उसकी बहन ने भी मुलाकात के दौरान जेल प्रशासन को बीमारी की जानकारी दी थी।
शनिवार की शाम समीर को अचानक दौरा पड़ा। जेल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार नहीं होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। इमरजेंसी में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया, लेकिन रात करीब 8:30 बजे विशेषज्ञ चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल प्रशासन ने परिजन को सूचना देने के साथ शव के पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सक्षम मजिस्ट्रेट के माध्यम से मामले की जांच कराई जाएगी।