- एसएसपी के आदेश पर गुलरिहा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
गुलरिहा। क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में नया मोड़ आया है। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष सुलह का दबाव बना रहा है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। एसएसपी के आदेश पर गुलरिहा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोबारा जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां के अनुसार, 20 अक्तूबर को किशोरी को मेहंदी लगाने के बहाने बुलाया गया था। आरोप है कि रिश्तेदार साहबान उसे गुलफाम और सोनू की मदद से भगा ले गए। किशोरी को चिलुआताल थाना क्षेत्र के एक गांव में रखा गया था। गुलरिहा पुलिस ने अपहरण और धमकी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की थी। परिजन ने रिश्तेदारों को किशोरी को खोज लिया जिसके बाद उसने तीन युवकों की ओर से दुष्कर्म की बात बताई। मां का आरोप है कि विवेचक को जानकारी देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता की मां के अनुसार, एक नवंबर की रात करीब 10 बजे आरोपी पक्ष के लोग पीड़िता के घर पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मुकदमे में सुलह का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी। गुलरिहा थाने में सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़िता की मां ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर गुलरिहा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोबारा जांच शुरू कर दी है। गुलरिहा थाना प्रभारी जेपी पाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।