गोरखपुर। गोरक्षनगरी अब रोइंग का हब बनेगा। यहां स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (साई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस खोलने की तैयारी शुरू कर दी गई है। यह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, रोइंग की अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ट्रेनिंग के लिए रामगढ़ताल के समीप वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खुलेगा। इसके लिए गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) जमीन उपलब्ध कराएगा।
रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और यूपी रोइंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पिछले दिनों रामगढ़ताल में आयोजित जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनवाने की चर्चा की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, खेल विभाग के सचिव सुहास एलवाई, खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह, जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल और रोइंग फेडरेशन/एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का जायजा लेकर साई के सेंटर के लिए जरूरी मानकों की व्यवस्था करने पर मंथन किया था।
रोइंग फेडरेशन आफ इंडिया के अध्यक्ष एम. बालाजी मरडप्पा ने बताया कि रोइंग स्पोर्ट्स में साई के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए गोरखपुर पहली पसंद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामगढ़ताल का कायाकल्प कराने के साथ इसके समीप ही वर्ल्ड क्लास वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनवाकर उत्तर प्रदेश में रोइंग के क्षेत्र में संभावनाओं को काफी बढ़ावा दिया है।
साई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए जितने भी स्पेस और जिन मानकों के अनुरूप जिम्नेजियम, कैफेटेरिया, डॉक्टर्स रूम, डॉरमेट्री आदि व्यवस्थाओं की आवश्यकता होगी, उसे पूरा करा दिया जाएगा। रोइंग के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए जीडीए अपनी भूमिका का तत्परता से निर्वहन करने के लिए तैयार है।
- अभिनव गोपाल, जीडीए उपाध्यक्ष
हो सकेंगी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं
वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में साई की तरफ से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बन जाने के बाद खिलाड़ियों को गोरखपुर में ही अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रतियोगिताओं की तैयारी होने लगेगी। यूपी रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा के अनुसार सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में साई की तरफ से प्रशिक्षकों (कोच) की तैनाती की जाती है। ये कोच प्रायः अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ी होते हैं जो नए खिलाड़ियों को खेल की बारीकियों को गहनता से सिखाते हैं।
रोइंग का नेशनल प्लेटफाॅर्म बन रहा रामगढ़ताल
- मई 2023 में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की रोइंग प्रतियोगिता।
- अक्टूबर 2024 में सब जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप का आयोजन।
- एशियाड 2026 की तैयारी के लिए मार्च-अप्रैल माह में रोइंग की राष्ट्रीय महिला टीम के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन।
- 12 मई से 16 मई तक अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग।
- 17 मई से 21 मई तक 46वें जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप का आयोजन