- पंजीकरण को लेकर 3.79 लाख का है लक्ष्य, जिले में अब तक 1.58 लाख बच्चों का हो चुका है पंजीकरण
-11 जनवरी को होगा कार्यक्रम का विस्तृत आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम को लेकर शिक्षा विभाग की तरफ से बड़े स्तर पर तैयारी की जा रही है। इस कार्यक्रम के लिए तीन लाख 79 हजार विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य है। 26 दिसंबर तक के आंकड़ों के अनुसार माध्यमिक स्तर से एक लाख 87 हजार और बेसिक शिक्षा से एक लाख 91 हजार विद्यार्थियों को जोड़ा गया है।
इनमें से अब तक कुल एक लाख 58 हजार छात्र-छात्राओं ने वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन पूरा कर लिया है। परीक्षा पर चर्चा का विस्तृत कार्यक्रम 11 जनवरी को आयोजित किया जाएगा।
-
बच्चों के प्रश्न होंगे चयनित, प्रधानमंत्री से सीधा संवाद
कार्यक्रम की खास बात यह है कि इसमें बच्चों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का चयन किया जाता है। यदि प्रश्न तर्कसंगत, सार्थक और परीक्षा से जुड़े होते हैं तो चयनित विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री से सीधे संवाद करने का अवसर मिलता है। इससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी बात राष्ट्रीय स्तर पर रखने का मंच मिलता है। परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में कक्षा-6 से 12 तक के विद्यार्थी शामिल होंगे। इसके साथ ही विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी कार्यक्रम में सहभागिता का अवसर मिलेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अमरकांत सिंह ने बताया कि पंजीकरण का लक्ष्य पूरा करने के लिए सभी प्रधानाध्यापकों को अवगत कराया गया है।