खुखुंदू। मठिया शिवालय पर महाशिवरात्रि की तैयारियां पूरी हो गई हैं। यहां के तीनों मंदिरों को फूल-मालाओं और इलेक्ट्रिक झालरों से सजाया गया है। शिवभक्तों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रास्ते पर बैरिकेडिंग की जा रही है, जिससे किसी को कोई दिक्कत न हो। क्षेत्र के परसिया मिश्र और करौंदी के शिव मंदिर में भी महाशिवरात्रि की तैयारियां चल रही है।
करीब डेढ़ महीने पहले से शिव मंदिर मठिया के तीनों मंदिरों के रंग-रोगन का कार्य जोर-शोर से चल रहा था। रंग-रोगन के बाद अब मंदिरों को फूल-मालाओं और इलेक्ट्रिक झालरों से सजाया जा रहा है। इसके अलावा दो दिन पहले से ही मेले के लिए पहुंचे तमाम दुकानदारों और झूले वालों को परिसर में व्यवस्थित किया जा रहा है। पुजारी पंडित डंकेश्वर गिरी ने बताया कि शुक्रवार के चलते मंदिरों पर आने वाली भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग और मंदिरों के सजावट का काम तेजी से चल रहा है। इस संबंध में एसओ दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स भी तैनात रहेगी।