गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए अगले सप्ताह से कैशलेस भुगतान व्यवस्था की शुरुआत की जाएगी। पहले चरण में एक रुपये की पर्ची बनाने वाले काउंटर पर ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद अगले एक महीने के भीतर मेडिकल कॉलेज में सभी प्रकार की जांच और विभिन्न मदों की फीस का भुगतान भी पूरी तरह ऑनलाइन किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन इस व्यवस्था को लागू करने के लिए बैंक के साथ मिलकर तैयारियां पूरी कर रहा है। इसके लिए पेमेंट गेटवे आधारित प्रणाली विकसित की जा रही है, जिसके माध्यम से मरीज और उनके परिजन आसानी से डिजिटल भुगतान कर सकेंगे। नई व्यवस्था लागू होने के बाद नकद लेनदेन की आवश्यकता काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि डिजिटल भुगतान प्रणाली शुरू होने से मरीजों और तीमारदारों को बड़ी राहत मिलेगी।
वर्तमान समय में बड़ी संख्या में लोग अपने साथ नकदी नहीं रखते और अधिकांश भुगतान ऑनलाइन माध्यमों से ही करते हैं। ऐसे में अस्पताल में भी डिजिटल भुगतान की सुविधा मिलने से उन्हें पर्ची बनवाने, जांच शुल्क जमा करने और अन्य फीस के भुगतान में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम बनने की उम्मीद है। साथ ही नकद लेनदेन से जुड़ीं परेशानियां भी कम होंगी।