- प्राणी उद्यान प्रबंधन ने पटना, दिल्ली, लखनऊ और कानपुर चिड़ियाघर से किया पत्राचार
- चिड़ियाघर भरत की मौत के बाद खाली है बब्बर शेर का बाड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। चिड़ियाघर में जानवरों के खाली बाड़ों को भरने के लिए प्राणी उद्यान प्रबंधन ने तैयारी शुरू कर दी है। सबसे पहले बब्बर शेर और भेड़िया लाने की तैयारी है। इसके लिए चिड़ियाघर प्रबंधन ने कानपुर, पटना, लखनऊ और दिल्ली चिड़ियाघर से पत्राचार किया है। उम्मीद है नए साल में दर्शकों को कुछ नए वन्यजीव देखने को मिलेंगे।
शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान के लिए वर्ष 2025 कुछ खास नहीं रहा। इसमें शेर, बाघ, तेंदुआ समेत छह जानवरों की मौत हो गई। हालत यह है कि बब्बर शेर के बाड़े में कोई नर शेर नहीं है। केवल शेरनी गौरी बची है। वहीं, बाघ के बाड़े में भी केवल अमर और गीता बचे हैं। बाड़े खाली होने की वजह से दर्शकों का उत्साह कम हो जाता है। अक्सर उनकी शिकायत रहती है कि चिड़ियाघर में जानवर बहुत कम हैं। जो हैं भी वह दिखते नहीं। अब इसी कमी को पूरा करने के लिए चिड़ियाघर प्रबंधन जुट गया है।
बब्बर शेर और भेड़िया के लिए चिड़ियाघर के अधिकारियों ने पटना, कानपुर, दिल्ली और लखनऊ चिड़ियाघर में बात की है। इसमें कुछ सकारात्मक संकेत मिले हैं। चिड़ियाघर के उप निदेशक एवं मुख्य वन्यजीव चिकित्सक डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि नए साल में दर्शकों को कुछ नए वन्यजीव देखने को मिलेंगे। कई चिड़ियाघरों से संपर्क किया गया है। सहमति बनने के बाद जल्द से जल्द जानवरों को गोरखपुर लाया जाएगा।