गोरखपुर। देहात और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों सादा पेट्रोल की किल्लत बढ़ गई है। हालत यह है कि कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म हो चुके हैं। लोगों को मजबूरी में स्पीड या प्रीमियम पेट्रोल भरवाना पड़ रहा है। प्रीमियम पेट्रोल सामान्य पेट्रोल के मुकाबले करीब पांच से सात रुपये प्रति लीटर महंगा है। इससे लोगों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।
जिले में जहां सामान्य पेट्रोल लगभग 95 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है, वहीं प्रीमियम पेट्रोल 105 रुपये है। खोराबार और डांगीपार क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से केवल प्रीमियम पेट्रोल ही उपलब्ध है। पादरी बाजार स्थित लाली पेट्रोल पंप पर भी पिछले चार-पांच दिनों से सादा पेट्रोल नहीं आया है। मंगलवार को यहां करीब आठ हजार लीटर स्पीड पेट्रोल की आपूर्ति हुई, जिससे लोग उसी से काम चला रहे हैं। हालांकि डीजल की स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है।
पादरी बाजार के रहने वाले वीरेंद्र ने बताया कि वह हमेशा सादा पेट्रोल डलवाते थे लेकिन उपलब्ध न होने पर उन्हें प्रीमियम लेना पड़ा। वहीं, डांगीपार के निवासी राजेश गौड़ ने भी कहा कि मजबूरी में महंगा पेट्रोल भरवाना पड़ रहा है। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आमतौर पर लोग सामान्य पेट्रोल ज्यादा लेते हैं, जिससे प्रीमियम बच जाता है। फिलहाल आपूर्ति संतुलित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।