उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक गर्भवती महिला ने अपने तीन साल के बेटे के साथ ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। इस घटना में मौके पर ही दोनों की मौत हो गई है। ट्रेन की रफ्तार अधिक होने के कारण तीनों के शरीर के कई टुकड़े हो गए थे।
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह अंजनी (30) पत्नी शैलेश अपने तीन साल के बेटे को लेकर घर से निकली थी। उसके पति रोजी रोटी के लिए विदेश गए हुए हैं। अंजनी का मायका नेबुआ नौरगिया थाना क्षेत्र के ही कौआसार गांव में है।
महिला जान देने के लिए आश्चर्यजनक रूप से घर से एक किलोमीटर दूर मायके न जाकर लगभग तीस किलोमीटर की दूरी तय करके खड्डा के बसडीला गांव पहुंच गई। वहां से गुजर रही कामाख्या कटरा एक्सप्रेस 15655 के सामने कूद गई।
गर्भ में मौजूद शिशु भी बाहर निकल कर कट गया, वहीं बेटा भी ट्रेन के चपेट में आ गया। मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। महिला ने इतना बड़ा आत्मघाती कदम क्यों उठाया, अभी रहस्य बना हुआ है।
एसओ खड्डा पीके सिंह ने बताया कि महिला की पहचान अंजनी पत्नी शैलेश के रूप में हुई है। गोद में तीन साल का लड़का व गर्भ में रही शिशु की मौत हो गई है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के पीछे क्या कारण था, इसका पता लगाया जा रहा है।