निजी और सरकारी पैथोलॉजी में कोरोना वायरस का टेस्ट नहीं होता। इसकी जांच की व्यवस्था बिल्कुल अलग है। इसकी जांच लार से की जाती है। ऐसी स्थिति में अगर कोई पैथोलॉजी सेंटर जांच कराने की बात कह रहा है, तो यह बिल्कुल गलत है।
स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के मुताबिक, प्रदेश में केवल लखनऊ और अलीगढ़ में जांच की व्यवस्था की गई है। विशेषज्ञ पैथोलॉजी जांच न कराने की सलाह दे रहे हैं। वहीं गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एक हफ्ते बाद से कोरोना की जांच शुरू हो जाएगी।
कोरोना वायरस को लेकर कई तरह की अफवाहों और लोगों के डर का फायदा कुछ पैथोलॉजी सेंटर उठाने की कोशिश कर रहे हैं। हकीकत यह है कि सरकारी और निजी पैथोलॉजी में कोरोना वायरस की जांच की व्यवस्था नहीं है।
जांच के लिए वीटीआर किट केवल बीआरडी मेडिकल कॉलेज और सीएमओ के पास ही हैं। इसमें तीन अलग-अलग डिब्बों में संक्रमित व्यक्ति के लार लिए जाते है, जिसे चौथे डिब्बे में सील बंद करते हुए जांच के लिए लखनऊ भेजा जाता है।
सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि अगर कोई पैथोलॉजी सेंटर कोरोना वायरस की जांच का दावा करता है तो इसकी सूचना तत्काल स्वास्थ्य विभाग का दें। महकमा ऐसे लोगों पर कार्रवाई करेगा।
इसे भी पढ़ें...
कोरोना वायरस की जांच के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूर, गोरखपुर में ही मिलेगी ये खास सुविधा