खुद की जान जोखिम में डाल क्वारंटीन सेंटरों और पंचायतों में सैनिटाइजेशन कार्य में जुटे पंचायतों के सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर जिला पंचायतीराज विभाग ने संजीदगी दिखाई है। शनिवार को विभाग ने संवेदनशील स्थानों पर सफाई कार्य में तैनात किए गए 250 सफाई कर्मचारियों को पर्सनल प्रोटेक्शन इक्विपमेंट (पीपीई) किट मुहैया कराया।
गुरुग्राम से खरीद कर मंगाए गए इन किट प्रत्येक ब्लाक में 12 से 15 सफाई कर्मियों को उपलब्ध कराए गए हैं। सफाई कर्मचारी अब इस किट को पहनकर ही क्वारंटीन सेंटर में स्प्रे मशीन के माध्यम से सोडियम हाइपोक्लोराइट से सैनिटाइजेशन, घनी बस्तियों में सफाई कार्य एवं ब्लीचिंग आदि का छिड़काव करेंगे।
डीपीआरओ हिमांशु शेखर ठाकुर के मुताबिक शनिवार को कोरियर से कार्यालय पहुंची इस किट में 3 प्लाई का फेसमास्क, चस्मा, सूट, हैंड ग्लब्स, सूज कवर और इन सब सामान को रखने के लिए बैग है। उच्च गुणवत्ता के फ्रैबिक्स से बना यह पीपीई किट, संक्रमण को रोकने के साथ डस्ट एवं वॉटर प्रूफ भी होगा। वायरस को रोकने में भी समर्थ होगा।
उन्होंने बताया कि कंपनी का दावा है कि यह 8 से 12 महीने चलेगा। ट्रायल के तौर पर सिर्फ 250 सूट मंगाए गए हैं। गुणवत्ता ठीक पाई गई तो सभी सफाई कर्मियों के लिए मंगाया जाएगा। पीपीई किट धुलाई करने के बाद सैनिटाइज कर धूप में सुखाकर फिर से इस्तेमाल किया जा सकता है। प्रत्येक किट की कीमत 980 रुपये, 12 फीसदी जीएसटी मिला कर 1097.60 रुपये की है।