रेलवे स्टेशन रोड पर महाराणा प्रताप तिराहे पर गुंबद के ग्रिल में लगा झालर केबल तार।
- फोटो : अमर उजाला।
सावधान...अगर आप गोरखपुर शहर में आवागमन कर रहे हैं तो जरा संभल जाइए। शहर में लगी स्ट्रीट लाइटों के खंभों से थोड़ी दूरी बनाकर चलिए। लापरवाह हुए तो करंट लग सकता है, जान भी जा सकती है। हम आपको डरा नहीं रहे, सचेत कर रहे हैं, क्योंकि शहर में कई जगह स्ट्रीट लाइटों पर रंग-बिरंगी झालरें लगाने में मानकों का ध्यान नहीं रखा गया है। बुधवार को ही स्टेशन रोड स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा के पास लगी झालरों में करंट दौड़ने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। अगर जिम्मेदार थोड़ा सा सचेत हो जाएं तो ऐसे हादसे टाले जा सकते हैं।
गोलघर में गणेश चौराहे से मोहद्दीपुर चौराहे तक स्ट्रीट लाइटें के खंभों पर लगाई गईं झालरें नीचे लटक कर जमीन को छू रही हैं। बिजली की आपूर्ति का केबल बक्सा अनियमित तरीके से लगा है। कई जगह केबल बक्से के तार बाहर निकले हैं। मोहद्दीपुर के कुछ इलाकों में झालरों के तार खंभों से लटकते हुए सड़क की तरफ झूल रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: हिल गई थी सत्ता, छिन गया मंत्री पद पर कोर्ट में पेश नहीं हुआ अमरमणि
इन खंभों पर आपूर्ति देने का जिम्मा बिजली निगम का है। इनके देखरेख और समय से मेंटीनेंस कर सुरक्षा मानकों को पूरा करने की जिम्मेदारी नगर निगम की है।
- एलबी सिंह, अधीक्षण अभियंता शहरी।
जांच करवाकर इन इलाकों के अलावा भी अन्य जगहों पर ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए निर्देशित करेंगे। अगर स्ट्रीट लाइट गलत लगी है, तो इसमें भी सुधार कराया जाएगा।
-मणिभूषण तिवारी, सहायक नगर आयुक्त।