गोरखपुर। शहर के कई इलाकों में रविवार को बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी। कहीं बंच कंडक्टर जलने से आपूर्ति ठप रही तो कहीं बार-बार लाइन ट्रिप होने से उपभोक्ता परेशान रहे।
तारामंडल के कैलाशपुरी इलाके में सुबह करीब चार बजे बंच कंडक्टर जल जाने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते करीब 150 घरों की बिजली सुबह 10 बजे तक बाधित रही। छह घंटे तक बिजली न रहने से लोगों को पानी और अन्य जरूरी कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं गोलघर क्षेत्र में पूरे दिन बिजली की आवाजाही बनी रही। यहां बार-बार लाइन ट्रिप होने के कारण आधा-आधा घंटे के लिए बिजली कटती रही। अचानक कटौती से दुकानदारों और घरेलू उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हुई।
शाहपुर क्षेत्र में गोड़धोइया पुल के पास सुबह करीब चार बजे एक डंपर ने बिजली पोल में टक्कर मार दी, जिससे पोल पर लगा केबिल जल गया। घटना के बाद करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। शाहपुर के सहायक अभियंता वीके जायसवाल ने बताया कि बिजली विभाग के मुख्य तार सुरक्षित रहे और अन्य कंपनियों के तार जलने से समस्या उत्पन्न हुई।
उधर, बिछिया इलाके में भी लोगों को लंबे समय तक कटौती झेलनी पड़ी। यहां सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक और फिर अपराह्न तीन बजे से शाम सात बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। लगातार कटौती से उपभोक्ता गर्मी में बिजली और पानी दोनों के लिए परेशान दिखाई दिए।