गोरखनाथ मंदिर में बिजली निगम का कैम्प।
- फोटो : अमर उजाला
बिजली निगम ने खिचड़ी मेले में ही दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए कनेक्शन की व्यवस्था भी आसान की है। कनेक्शन वाले श्रद्धालु ‘आसान किश्त योजना’ के तहत आसानी से ऑनलाइन कनेक्शन ले सकेंगे। पहले दिन मंगलवार दोपहर में उपभोक्ताओं ने इसमें रुचि भी दिखाई। पहले दिन कुल 20 लोगों ने आवेदन किया। इसमें 11 उपभोक्ताओं को ऑनलाइन पंजीकरण भी किया गया।
गोरखनाथ मंदिर में सुबह खिचड़ी मेले के तहत बिजली निगम ने भी तैयारी कर ली थी। सुबह 6 बजे से ही अवर अभियंता शिवम तिवारी ने कैंप कार्यालय पर अपनी टीम के साथ मुस्तैद थे। दोपहर 2 बजे तक पूरे मंदिर परिसर में बिजली समस्याओं को लेकर टीम मुस्तैद दिखी।
इसके बाद दोपहर 2 बजे से दूसरे दल की कमान आकाश जायसवाल की टीम ने संभाली। उनके साथ तकनीकी कर्मचारी बृजेश त्रिपाठी भी थे। इन्होंने सभी श्रद्धालु उपभोक्ताओं की मदद की। कनेक्शन के लिए आने वालों से फाइल समेत अन्य जरूरी दस्तावेज लिए और ऑनलाइन ही पंजीकरण करना शुरू कर दिया।
अधीक्षण अभियंता शहरी यूसी वर्मा ने बताया कि किसी भी श्रद्धालु को मंदिर में खिचड़ी चढ़ाने में परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। निगम की तरफ से सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा तीन चरणों में कनेक्शन की भी सुविधा मंदिर परिसर में ही दी जा रही है।
गोरखनाथ मंदिर की बिजली व्यवस्था 110 अधिकारी व कर्मचारी संभाल रहे हैं। इनकी तैनाती तीन शिफ्ट में की जा रही है। बिजली संबंधी किसी भी समस्या के लिए अगले 16 तारीख तक 24 घंटे अधिकारी कर्मचारी मुस्तैद रहेंगे।
मंदिर में बिजली व्यवस्था के प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी एसडीओ नीरज दुबे और अवर अभियंता श्याम सिंह को दी गई है। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र उपकेंद्र पर भी अतिरिक्त स्टॉफ रखे गए हैं। जरूरत पड़ने पर उनकी मदद भी ली जा सकेगी।