- शहर के अलग-अलग इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर अलग
गोरखपुर। शहर की हवा की सेहत में सुधार की उम्मीद के बीच सोमवार को प्रदूषण के आंकड़ों ने फिर चिंता बढ़ा दी। एमएमएमयूटी के पास वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 108 रहा जबकि औद्योगिक क्षेत्र गीडा में यह बढ़कर 298 पहुंच गया। गोलघर में भी एक्यूआई 206 दर्ज किया गया। शहर के अलग-अलग इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर अलग-अलग बना हुआ है।
शनिवार को एमएमएमयूटी क्षेत्र में एक्यूआई 82 दर्ज किया गया था। इस स्तर पर हवा की गुणवत्ता संतोषजनक मानी जाती है। सोमवार को यह बढ़कर 108 हो गया। हालांकि, यहां की हवा अभी मध्यम श्रेणी में है और अन्य दोनों स्थानों की तुलना में स्थिति बेहतर है।
वहीं, गीडा में शनिवार को एक्यूआई 278 था जो सोमवार को बढ़कर 298 हो गया। यह खराब श्रेणी की ऊपरी सीमा के करीब है। औद्योगिक गतिविधियों और धूल के बीच यहां प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। गोलघर में भी शनिवार के 191 के मुकाबले एक्यूआई बढ़कर 206 हो गया। यहां हवा मध्यम से खराब श्रेणी में पहुंच गई है। सहायक वैज्ञानिक पर्यावरण सत्येंद्र नाथ यादव के अनुसार, दिवाली के बाद से शहर में प्रदूषण का स्तर बढ़ा था। कुछ इलाकों में सुधार हुआ है लेकिन सभी स्थानों पर हवा की गुणवत्ता सामान्य नहीं हुई है। ऐसे में प्रदूषण नियंत्रण के लिए स्थानीय स्तर पर प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।