80 में 60 मामले भूमि विवाद के सामने आए
मंगलवार को एसएसपी अपने दफ्तर में रोज की तरह फरियाद सुन रहे थे। इस दौरान करीब 80 लोगों ने उनसे मुलाकात की, जिसमें 60 लोगों ने भूमि संबंधित मामले की शिकायत की। शाहपुर से आए एक पीड़ित ने बताया कि वह बलिया में रहकर नौकरी करते थे। शाहपुर में उन्होंने भूमि खरीद ली। वह जब निर्माण कराने जा रहे हैं तो उनको रोका जा रहा है। इसके अलावा एक व्यक्ति ने पानी भरे गड्ढे को गलत तरीके से बेचने की शिकायत की।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि भूमि विवाद के मामले ज्यादा सामने आ रहे हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा। उस नंबर पर आने वाली शिकायतों का समाधान कराया जाएगा। यह भी देखा जाएगा कि मामले का निपटारा न होने के पीछे किसकी भूमिका है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
इन नंबरों पर कर सकते हैं शिकायत
7839865841 व 7839865843 पर सुबह 9 बजे से शाम छह बजे तक शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायतकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
ये शिकायतें होंगी दर्ज
- फर्जी प्लॉटिंग- किसी संस्था या किसी व्यक्ति द्वारा फर्जी कंपनी बनाकर प्लॉटिंग करने की सूचना।
- अवैध आवासीय प्लॉटिंग- प्रॉपर्टी की खरीद फरोख्त में धोखाधड़ी के संबंध में।
- भूमि संबंधित विवाद- पूर्व में अपनी संपत्ति पर कब्जा करके और बाद में अवैध साबित करने अपना अधिकार पाने के संबंध में।
- फर्जी बैनामा- धोखाधड़ी और जालसाजी करके अवैध रूप से बैनामा करा लेने के संबंध में।
- आदतन भूमि अपराध करने वाले गैंग के बारे में।