गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के आसपास सक्रिय एंबुलेंस माफिया के खिलाफ पुलिस ने शनिवार रात बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने अभियान चलाकर संदिग्ध हालात में खड़ी 18 एंबुलेंस को सीज कर दिया। वहीं, पांच चालकों को हिरासत में लेकर गुलरिहा थाने में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बीआरडी मेडिकल कॉलेज के आसपास एक बार फिर एंबुलेंस माफिया सक्रिय हो गए हैं। आरोप है कि ये लोग मेडिकल कॉलेज आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को बरगलाकर निजी अस्पतालों में भर्ती करा देते हैं। इसके बदले में निजी अस्पतालों से कमीशन लेने की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के बाद शनिवार रात एसपी सिटी निमिष पाटील, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह और गुलरिहा थाने की पुलिस टीम ने मेडिकल कॉलेज के आसपास अभियान चलाया। पुलिस की कार्रवाई देख कई एंबुलेंस चालक मौके से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर कुछ चालकों को पकड़ लिया और उन्हें थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी। अभियान के दौरान सड़क किनारे खड़ी कई एंबुलेंस संदिग्ध मिलीं। पुलिस टीम ने इन वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। जांच में सामने आया कि ज्यादातर एंबुलेंस का पंजीकरण नहीं था। कई वाहन किसी अस्पताल से अटैच भी नहीं थे। इसके अलावा चालकों के पास वाहन से संबंधित जरूरी दस्तावेज भी नहीं मिले।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि अभियान के दौरान 18 एंबुलेंस को सीज किया गया है। वाहनों के कागज की जांच की जा रही है। कुछ चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।