गुलरिहा (गोरखपुर)। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में लगातार कार्रवाई हो रही है, लेकिन मरीज माफिया बाज नहीं आ रहे हैं। पुलिस ने बुधवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में ट्रामा सेंटर के पास खड़ी एक निजी एंबुलेंस को पकड़कर थाने ले आई और सीज कर दिया। पुलिस ने लगातार तीसरे दिन कार्रवाई की है। मंगलवार को भी परिसर से निजी एंबुलेंस पकड़ी गई थी।
जानकारी के अनुसार, बिहार के गोपालगंज जिला के मांझा थाना क्षेत्र स्थित कोईनी गांव निवासी पन्नू शाह के नाम पर पंजीकृत एक निजी एंबुलेंस मेडिकल कॉलेज परिसर में खड़ी थी। उस समय मेडिकल चौकी पुलिस गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस की नजर एंबुलेंस पर पड़ी, जिसके बाद मौके पर मौजूद चालक से पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान चालक एंबुलेंस से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया, जहां उसे सीज कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इसी नंबर की एंबुलेंस एक दिन पहले मंगलवार रात बीआरडी के ट्रामा सेंटर के पास भी संदिग्ध परिस्थितियों में देखी गई थी। इससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है। इस संबंध में सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि एंबुलेंस को सीज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।