गोरखपुर के रामगढ़ताल इलाके में चेकिंग के दौरान एक कार को रोकने पर अंदर बैठा युवक मंत्री जी की गाड़ी बताकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ा तो कार पर आगे विधान सभा सदस्य का लोगो भी लगा हुआ था।
पुलिस ने गाड़ी को सीज कर माफीनामा लिखवाकर आरोपित को छोड़ा गया। बताया जा रहा है कि गाड़ी इलाके के रहने वाले राज्यमंत्री के एक करीबी की है।
जानकारी के मुताबिक, रामगढ़ताल पुलिस देवरिया बाईपास पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार को पुलिस ने रोका। पुलिस के रोकते ही अंदर से युवक ने बोला कि मंत्री जी की गाड़ी और भागने लगा।
इंस्पेक्टर ने फलमंडी चौकी को वायरलेस किया और गाड़ी की घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस ने जैसे ही कार को पकड़ा, पैरवी में फोन भी घनघनाने लगे। मगर पुलिस ने कार को सीज करने के साथ ही आरोपित से माफीनामा लिखवाया। इंस्पेक्टर ने बताया कि गाड़ी को सीज कर दिया गया है।