गोरखनाथ मंदिर परिसर में एसएसबी जवान को रुपये लौटाते पुलिस पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
गोरखनाथ मंदिर में पुलिस ने ईमानदारी दिखाकर एक परिवार के चेहरे पर खुशी लौटा दी। परिवार के साथ घूमने आए एसएसबी जवान रामअशीष के जेब से 18 हजार रुपये गिर गए थे। ड्यूटी में तैनात पुलिस वालों को रुपये मिल गए और फिर शिकायत लेकर आए जवान को रुपये वापस किए। पुलिस की इस ईमानदारी से रामअशीष का परिवार खुश हो गया और पुलिस को धन्यवाद बोलते हुए प्रसन्नचित्त लौटे।
जानकारी के मुताबिक कैंट, दाउदपुर निवासी रामअशीष अपने परिवार के साथ बुधवार गोरखनाथ मंदिर में मेला घूमने गए थे। इस दौरान उनकी जेब से 18 हजार रुपया गिर गया। रुपये मेला ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी राहुल सिंह, आलोक कुमार, राजेश कुमार यादव, को मिल गया। पुलिस वालों ने रुपये को लाकर मंदिर थाना में जमा करा दिए।
थोड़ी देर बाद ही एसएसबी जवान रुपये गायब होने की शिकायत लेकर थाने पर पहुंचे तो पुलिस वालों ने रुपये मिलने की जानकारी दी। यह सुनते ही उनके चेहरे पर खुशी आ गई। बोले, मैं तो सोचा था कि रुपये नहीं मिलेंगी लेकिन पुलिस के इस काम से परिवार की खुशी लौटी है। इसी रकम की वजह से मेला घूमने का मजा किरकिरा हो गया था लेकिन रुपये वापस पाकर खुशी हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ प्रवीण सिंह ने पुलिस कर्मियों को शाबाशी दी है।