गगहा कस्बे में गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर हुआ हादसा
पहले डिवाइडर से टकराकर गिरे बाइक सवार, फिर ट्रेलर ने रौंदा
अमर उजाला ब्यूरो
गगहा। गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर कस्बे में सोमवार को यूको बैंक के पास बाइक सवार दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। डिवाइडर से टकराकर दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर बाद साढ़े तीन बजे दोनों युवक गोरखपुर से बड़हलगंज की ओर जा रहे थे, तभी हादसे के शिकार हो गए। एक युवक की जेब से आधार कार्ड व मोबाइल फोन मिला। आधार कार्ड से उसकी पहचान रामानंद शर्मा निवासी कसिहार थाना बेलिपार के रूप में हुई है। दूसरे युवक की पहचान क्षेत्र के बेला निवासी करुणाकर के रूप में हुई।
पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रेलर का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।