पुलिस द्वारा लगाया गया पोस्टर।
- फोटो : अमर उजाला।
घर से बाहर निकल रहे लोगों को घर में रहने को प्रेरित करने के लिए गोरखपुर पुलिस ने शहर भर में पोस्टर चस्पा किए हैं। ‘आप घरों में रहें, हम यमराज से लड़ रहे लड़ाई’ का संदेश देने वाले इस पोस्टर पर यमराज और आम आदमी के बीच में पुलिस को खड़ा दिखाया गया है। इस पोस्टर को लोग सोशल मीडिया पर भी शेयर कर रहे हैं।
जिले में कोरोना के तीन केस मिलने के बाद संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में लोगों की एक चूक सभी पर भारी पड़ सकती है। ऐसे में लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस ने पोस्टर का सहारा लिया है।
इन पोस्टरों में यमराज के रूप में भैंसे पर बैठे कोरोना वायरस को दिखाया गया है, जिसे एक पुलिसकर्मी रोकते हुए दिख रहा है। पोस्टर में स्लोगन लिखा है कि ‘मैं इसे रोकता हूं, आप घर पर ही रहिए’। पोस्टर पर यूपी पुलिस के लोगो के साथ ‘जीवन और मृत्यु के बीच खड़ी है खाकी’ का भी संदेश लिखा गया है।
साथ ही ‘आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प - गोरखपुर पुलिस’ लिखा गया है। इसके अलावा एक अन्य पोस्टर पर पुलिसवालों की टीम शहर के कुछ इलाकों में गश्त करते हुए दिख रही है। वहीं उस पोस्टर पर लिखा है कि ‘कोरोना से बचाव के लिए पुलिस बाहर है, कृपया आप घर में ही रहें’। ये सभी पोस्टर शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।