वाराणसी से 600 से अधिक नमूने कोरोना वायरस की जांच के लिए बीआरडी के आरएमआरसी भेज दिए गए, जो अब मुसीबत बन गए हैं। इन सैंपलों की वजह से गोरखपुर और अन्य जिलों के 250 नमूने लखनऊ भेजने पड़े हैं जबकि आरएमआरसी में रोजाना 250-300 नमूनों की जांच हो सकती है।
बनारस के अलावा गोरखपुर व बस्ती मंडल के करीब 400 नमूने रविवार को आरएमआरसी पहुंचे थे। दो दिन में करीब 600 नमूनों की जांच ही हो सकी है। इसके अलावा 240 नमूने लखनऊ भेजे गए हैं। इनमें बस्ती, सिद्धार्थनगर और मऊ के नमूने शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि सोमवार को 200 से अधिक नमूनों की जांच नहीं हो सकी थी। बीआरडी और आरएमआरसी के विशेषज्ञों ने इस पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि नमूनों को दो बार एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजना पड़ रहा है।
बलिया से नमूना बनारस होते हुए गोरखपुर भेजा गया। इसके बाद फिर उसे गोरखपुर से लखनऊ भेजा गया। इसी तरह बस्ती और सिद्धार्थनगर से नमूने गोरखपुर भेजे गए फिर उसे दोबारा लखनऊ भेजा गया।